बराक ओबामा
विकिपीडिया, एक मुक्त ज्ञानकोष से
बराक हुसैन ओबामा (जन्म: 4 अगस्त, 1961) अमरीका के इलिनॉय प्रांत से कनिष्ठ सेनेटर तथा 2008 में अमरीका के राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रैटिक पार्टी के अग्रणी उम्मीदवार हैं। यदि ओबामा जीतते हैं तो वे अमरीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति होंगे। अमेरीकी इतिहास में ओबामा न केवल पाँचवें अफ्रीकी अमरीकन सेनेटर हैं बल्कि लोकप्रिय वोट से चुने जाने वाले तीसरे और सेनेट में नियुक्त एकमात्र अफ्रीकी अमरीकन सेनेटर भी हैं।
होनोलूलू में जन्में ओबामा किन्याई पिता व अमरीकी माता के संतान हैं। उनका अधिकांश प्रारंभिक जीवन अमरीका के हवाई प्रांत में बीता। 6 से 10 वर्ष का आयुकाल उन्होंने जकार्ता, इंडोनेशिया में अपनी माता और इंडोनेशियाई सौतेले पिता के संग बिताया। बाल्यकाल में उन्हें बैरी नाम से पुकारा जाता था। बाद में वे होनोलूलू वापस आकर अपने ननिहाल में ही रहने लगे। 1955 में उनकी माता का कैंसर से देहांत हो गया। ओबामा की पत्नी का नाम मिशेल है। उनका विवाह 1992 में हुआ जिससे उनकी दो पुत्रिया हैं, 9 वर्षीय मालिया तथा 6 वर्षीय साशा।
ओबामा हार्वड लॉ स्कूल से स्नातक हैं जहाँ वे हार्वड लॉ रिव्यू के पहले अफ्रीकी अमरीकी अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने दो लोकप्रिय पुस्तकें भी लिखी हैं, पहली पुस्तक ड्रीम्स फ्रॉम माई फादरः अ स्टोरी आफ रेस एंड इन्हेरिटेंस का प्रकाशन लॉ स्कूल से स्नातक बनने के कुछ दिन बाद ही हुआ था। इस पुस्तक में उनके होनोलूलू व जकार्ता में बीते बालपन, लॉस एंजलिस व न्यूयॉर्क में व्यतीत कालेज जीवन तथा 80 के दशक में शिकागो शहर में सामुदायिक आयोजक के रूप में उनकी नौकरी के दिनों के संस्मरण हैं। पुस्तक पर आधारित आडियो बुक को 2006 में प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड से भी नवाजा गया है। उनकी दूसरी पुस्तक द ओडेसिटी आफ होपः थॉट्स आन रिक्लेमिंग द अमेरिकन ड्रीम अक्टुबर 2006 में प्रकाशित हुई, मध्यावधि चुनाव के महज़ तीन हफ्ते पहले। यह किताब शीघ्र ही बेस्टसेलर सूची में शामिल हो गई। पुस्तक पर आधारित आडियो बुक को 2008 में प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड से भी नवाजा गया है।[१] शिकागो ट्रिब्यून के मुताबिक पुस्तक के प्रचार के दौरान लोगों से मिलने के प्रभाव ने ही ओबामा को राष्ट्रपति पद के चुनाव में उतरने का हौसला दिया।
[संपादित करें] यह भी देखें
- अमरीकी सेनेटर के रूप में ओबामा का आधिकारिक जालस्थल
- ओबामा का राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार हेतु बनाया आधिकारिक जालस्थल
- यूट्यूब पर ओबामा का चैनल
- ओबामा फेसबुक पर